राघोपुर : कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया उद्घाटन
पटना। बिहार के बहुप्रतीक्षित सिक्स लेन पुल परियोजना — कच्ची दरगाह-बिदुपुर गंगा पुल — के एक हिस्से का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने पाया संख्या 23 के निकट विधिवत रूप से पुल के हिस्से का लोकार्पण किया। उद्घाटन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उद्घाटन के बाद लगभग 10 मिनट तक स्थल पर रुके और अधिकारियों से कार्य की जानकारी ली। इसके पश्चात वे पटना के लिए रवाना हो गए।
गंगा नदी पर बन रहे इस सिक्स लेन पुल का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 31 जनवरी 2016 को किया था। शिलान्यास समारोह में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव सहित कई मंत्री व विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल अनुमानित लागत लगभग ₹5000 करोड़ है।
यह सिक्स लेन पुल गंगा नदी पर लगभग 9.76 किलोमीटर लंबा है, जबकि इसका अप्रोच रोड 13 किलोमीटर लंबा होगा। पुल के 67 पाया में से अधिकांश का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अभी तक राघोपुर की ओर तक पुल का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।
पथ निर्माण विभाग ने अक्टूबर 2025 तक पूरे पुल का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य तय किया है। हालांकि शुरुआत में 2021 तक इसका काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन राघोपुर क्षेत्र में बाढ़ और अन्य तकनीकी कारणों से निर्माण में देरी हुई।
पुल के चालू हिस्से के उद्घाटन के साथ ही अब राघोपुर क्षेत्र के लोगों को पटना आने-जाने में विशेष सुविधा मिलेगी। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने का एक मजबूत वैकल्पिक संपर्क मार्ग बनेगा, जिससे राजधानी के साथ आर्थिक व सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
इस मौके पर पटना और वैशाली के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत पथ निर्माण विभाग के उच्चाधिकारी और परियोजना से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद थे। पुल के निर्माण को लेकर सरकार ने विभाग को निर्देश दिया है कि शेष कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए
About The Author
