बेगूसराय से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, दो बच्चों समेत बिहार के पांच लोगों की मौत

बेगूसराय से दिल्ली जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, दो बच्चों समेत बिहार के पांच लोगों की मौत

पटना। बिहार के बेगूसराय से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। यह हादसा  गुरुवार की सुबह लगभग 5 बजे लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में हुआ। हादसा इतना भयावह था कि आग की लपटों में फंसकर दो मासूम बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। मृतक सभी बिहार के रहने वाले थे। मृतकों में लख्खी देवी पत्नी अशोक मेहता (55), सोनी पुत्री अशोक महतो (26) देवराज पुत्र रामलाल (3) साक्षी कुमारी पुत्री रामलाल (2) और एक अज्ञात पुरुष की मौत हुई है। बस में बैठे यात्रियों को पुलिस और पब्लिक की मदद से खिड़कियों के कांच को तोड़कर जैसे-तैसे बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, बस (UP17 AT 6372) में लगभग 80 यात्री सवार थे और अधिकतर लोग उस समय नींद में थे। तभी अचानक बस में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद भी बस करीब 1 किलोमीटर तक चलती रही, यात्री चीखते-चिल्लाते रहे और अंदर फंसे लोग बचने की गुहार लगाते रहे।

आग लगते ही बस के ड्राइवर और कंडक्टर खुद बस से कूदकर फरार हो गए, लेकिन बस में सवार लोगों की जान सांसत में पड़ गई। कई यात्री आग और धुएं से झुलसते रहे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बड़ी मुश्किल से बस की खिड़कियां तोड़ीं और कई यात्रियों को बाहर निकाला।हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Views: 3
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND