बिहार में वोटर लिस्ट अपडेट अंतिम चरण में, अब तक 88% मतदाताओं ने भरा फॉर्म, करीब 30 लाख नाम हटेंगे
पटना। बिहार में मतदाता सूची बनाने और उसे अपडेट करने का काम अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। राज्य चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के करीब 7 करोड़ 89 लाख 69 हजार 844 मतदाताओं में से अब तक 6 करोड़ 60 लाख 67 हजार 208 लोगों ने अपने-अपने फॉर्म भर दिए हैं। यानी कुल मतदाताओं में से 88.18 फीसदी लोगों ने इस काम को पूरा कर लिया है। अभी करीब 11.82 प्रतिशत लोगों का ही फॉर्म भरना बाकी है।
चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि घर-घर दो बार बीएलओ यानी बूथ लेवल ऑफिसर सर्वे करने गए थे। इस सर्वे में पता चला कि करीब 10 लाख 50 हजार 468 मतदाताओं की मौत हो चुकी है। वहीं, लगभग 14 लाख 53 हजार 478 लोग ऐसे हैं जो हमेशा के लिए बिहार छोड़कर दूसरी जगह बस गए हैं। इसके अलावा लगभग 4 लाख 82 हजार 290 लोगों के नाम दो जगह मतदाता सूची में दर्ज पाए गए। इस तरह करीब 29 लाख 86 हजार 237 लोगों के नाम इस बार की मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।
चुनाव आयोग का कहना है कि अब भी कुछ दिन का समय बचा है और कोशिश की जा रही है कि कोई भी योग्य वोटर छूटे नहीं। जो लोग बिहार से बाहर चले गए हैं, उन्हें भी अखबारों, सोशल मीडिया और फोन के जरिए जानकारी दी जा रही है, ताकि वो समय रहते अपने कागज जमा कर सकें। आयोग ने यह भी कहा है कि नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 1 अगस्त को जारी की जाएगी।
फॉर्म भरने का काम बहुत तेजी से हो रहा है। इसमें करीब एक लाख बीएलओ लगे हुए हैं। उनके अलावा एक लाख पचास हजार बीएलए यानी बूथ लेवल एजेंट भी लगे हैं, जिन्हें राजनीतिक दलों ने नियुक्त किया है। बीएलए रोजाना 50 तक फॉर्म चेक करके जमा कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने लोगों को ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा भी दी है। लोग https://voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECINet ऐप पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। अब तक करीब 5 करोड़ 74 लाख फॉर्म ऑनलाइन जमा किए जा चुके हैं।
भागलपुर जिले में इस प्रक्रिया के दौरान दो लाख के करीब मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे। जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां कुल 24 लाख 414 मतदाता पंजीकृत हैं। उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि भागलपुर जिले में अब तक करीब 84 प्रतिशत फॉर्म बीएलओ को जमा हो चुके हैं। चुनाव आयोग का उद्देश्य है कि बिहार का कोई भी योग्य मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रहे और सभी का नाम समय पर मतदाता सूची में शामिल हो जाए।
About The Author
