पटना: बुद्धा कॉलोनी के दुजरा इलाके में JDU नेत्री सोनी देवी को मारी गोली, PMCH में भर्ती, पुराने विवाद में फायरिंग की आशंका
पटना। रविवार देर रात बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा इलाके में अज्ञात अपराधियों ने महिला JDU नेत्री सोनी देवी (उम्र 40 वर्ष) पर फायरिंग कर दी। हमले में सोनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनी देवी JDU की महिला विंग की सक्रिय कार्यकर्ता हैं और वर्तमान में वार्ड नंबर 22 की अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। वे इलाके में ही एक अंडा की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। रविवार रात को जब वह अपनी दुकान के पास थीं, तभी अचानक दो राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली उनके हाथ में लगी और दूसरी गोली उनके सीने में फंस गई है।
घटना की खबर मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष सदानंद शाह ने बताया कि महिला को लगी गोली को लेकर चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।पुलिस के अनुसार यह मामला आपसी रंजिश और पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है।
परिवारजनों ने इस मामले में एक व्यक्ति पर पुराने विवाद के चलते जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। इसी आरोप के आधार पर पुलिस ने देर रात दानापुर क्षेत्र में छापेमारी भी की है।स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर डर और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि आए दिन अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस गश्ती के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घायल महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
About The Author
