बिहार विधानसभा चुनाव से पहले RLJP का बड़ा ऐलान, पशुपति पारस बोले- महागठबंधन में होंगे शामिल

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले RLJP का बड़ा ऐलान, पशुपति पारस बोले- महागठबंधन में होंगे शामिल

पटना। बिहार की सियासत में एक और दिलचस्प मोड़ आ गया है। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रमुख पशुपति कुमार पारस ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी। इस घोषणा के साथ ही बिहार के राजनीतिक समीकरणों में उथल-पुथल मच गई है, क्योंकि पारस का यह रुख उनके ही भतीजे चिराग पासवान के खिलाफ जाता दिख रहा है, जो अब भी पूरी मजबूती के साथ NDA के साथ बने हुए हैं।

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए पशुपति कुमार पारस ने कहा  हमारी बात हो चुकी है। हम जल्द ही राजद गठबंधन यानी महागठबंधन में शामिल होंगे। फिलहाल सीटों के बंटवारे पर चर्चा नहीं हुई है। हमने हाल ही में बिहार के 25 जिलों का दौरा किया है। लोग कह रहे हैं कि पिछले 20 सालों से एक ही पार्टी या व्यक्ति की सरकार है, लेकिन बिहार में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं। 

पारस ने NDA पर निशाना साधते हुए कहा  देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था है, लेकिन NDA गठबंधन की सरकार इसे खत्म करना चाहती है। बाबा साहब अंबेडकर के संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों को खत्म करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब लोकसभा चुनाव हो रहे थे, तब ही वोटर लिस्ट में संशोधन की बात करनी चाहिए थी, लेकिन NDA ने ऐसा नहीं किया।

पारस ने एनडीए पर आरोप लगाते हुए कहा  जब दिल्ली के चुनाव हुए, तब भी वोटर लिस्ट का संशोधन नहीं हुआ। लेकिन अब बिहार चुनाव के समय प्रशासन और चुनाव आयोग के जरिए मतदाताओं को उनके अधिकारों से वंचित करने की साजिश की जा रही है। उत्तर बिहार के कई इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं, लोग कहां दस्तावेज रखेंगे? NDA को डर है कि बिहार के लोग उनके खिलाफ वोट करेंगे, इसलिए यह सब किया जा रहा है। पारस के इस ऐलान ने बिहार की चुनावी फिज़ा को और गर्म कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि महागठबंधन में उनके लिए कितनी सीटें निकलती हैं और चिराग पासवान के NDA में रहते हुए पारस के इस कदम का राजनीतिक असर क्या होगा।

Views: 5
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND