पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार पुलिस की 618 गाड़ियों को दिखाई हरी झंडी
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास परिसर से बिहार पुलिस के लिए खरीदे गए 618 नए वाहनों को रवाना कर दिया। इनमें 520 चार पहिया और 98 दो पहिया वाहन शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनके माध्यम से पुलिस को नई ऊर्जा देने की उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री ने रवाना करने से पूर्व सभी वाहनों का गहन निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से इनकी तकनीकी विशेषताओं और उपयोग के तौर-तरीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। यह नया वाहन बेड़ा पुलिस की चौकसी, गश्ती और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को बेहतर बनाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, "आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल राज्य में कानून-व्यवस्था को और बेहतर तरीके से संभाल सकेगा। आम लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में डीजीपी विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री – सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि और गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। पुलिस मुख्यालय, स्पेशल ब्रांच और प्रोविजनिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, सुनील कुमार, अजिताभ कुमार और पटना रेंज की आईजी गरिमा मलिक भी समारोह में उपस्थित रहीं।
About The Author
