पटना मेट्रो परियोजना सिर्फ निर्माण नहीं, जनता का सपना: नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार

विधानसभा चुनाव से पहले लगातार हो रहा अधिकारियों का तबादला

पटना मेट्रो परियोजना सिर्फ निर्माण नहीं, जनता का सपना: नगर विकास मंत्री जिवेश कुमार

पटना। पटना मेट्रो रेल परियोजना को लेकर बिहार सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। राज्य के नगर विकास एवं आवास मंत्री जिवेश कुमार ने शनिवार को पटना में मेट्रो परियोजना के प्राथमिक कॉरिडोर के अंतर्गत डिपो स्थल और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि पटना वासियों का बहुप्रतीक्षित सपना है, जिसे साकार करने की दिशा में सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

मंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो न केवल एक तकनीकी या ढांचागत परियोजना है, बल्कि यह भविष्य की एक सामाजिक और आर्थिक नींव है, जो शहर की दशा और दिशा दोनों को बदल देगी। यह परियोजना राजधानी पटना के लाखों लोगों को जाम और प्रदूषण से राहत दिलाएगी और दैनिक यात्रा को सरल, सुलभ व सुगम बनाएगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो ट्रेन प्रणाली से न केवल यात्रियों का समय बचेगा, बल्कि यह एक पर्यावरण अनुकूल कदम भी साबित होगा, जो राज्य को हरित विकास की दिशा में ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मेट्रो परियोजना शहर के आम नागरिक, कामकाजी वर्ग, विद्यार्थियों और महिलाओं के लिए विशेष रूप से फायदेमंद होगी। मेट्रो सुविधा मिलने से आवागमन की विश्वसनीयता और सुरक्षा दोनों बढ़ेगी, जिससे राजधानी की जीवनशैली में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए मंत्री ने कार्यों में गति लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि इस परियोजना के प्रथम चरण के कार्य निर्धारित समय पर पूरे हों और जनता को इसका लाभ जल्द से जल्द मिले। पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्राथमिकता वाले कॉरिडोर में आईएसबीटी से मलाही पकड़ी और बेली रोड से गांधी मैदान होते हुए स्टेशन निर्माण की योजना है। इसका पहला चरण राजधानी के सबसे व्यस्त और यातायात के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ता है, जिससे राजधानी में यातायात का दबाव काफी हद तक कम हो सकेगा। मंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में पटना मेट्रो सिर्फ एक परिवहन व्यवस्था नहीं रहेगी, बल्कि यह शहर की पहचान, उसकी गति और उसकी आधुनिकता की प्रतीक बनेगी। जनता के सहयोग और सरकार की प्रतिबद्धता से यह सपना जल्द ही हकीकत बनने की ओर बढ़ रहा है।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND