बिहार के 6 जिलों में आज से शुरू हो रही है महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा
पटना। बिहार में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा के लिए एक बड़ी पहल के तहत शुक्रवार से छह जिलों में पिंक बस सेवा की शुरुआत हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1 अणे मार्ग से इस सेवा के शुभारंभ पर पिंक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने इस योजना के तहत 20 मिनी पिंक बसें खरीदी हैं। इनमें पटना के लिए 8, मुजफ्फरपुर और भागलपुर के लिए 4, तथा दरभंगा, पूर्णिया और गया के लिए 2-2 बसें उपलब्ध कराई गई हैं।
पटना में चार रूट तय, सुबह 6 से रात 8 बजे तक सेवा
पटना में चार प्रमुख रूट तय किए गए हैं, जिन पर सुबह 6 बजे से लेकर रात 8 बजे तक पिंक बसें चलेंगी। ये रूट हैं:
-
गांधी मैदान से फुलवारी शरीफ होते हुए AIIMS तक
-
गांधी मैदान से सगुना मोड़ होते हुए दानापुर रेलवे स्टेशन तक
-
कुर्जी (बोरिंग रोड मार्ग)
-
NIT मोड़ से कंकड़बाग ऑटो रिक्शा स्टैंड तक
किराया 6 रुपए से शुरू होकर अधिकतम 25 रुपए तक होगा।
पिंक बसें केवल महिला यात्रियों के लिए आरक्षित होंगी। हर बस में महिला कंडक्टर नियुक्त की गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बसों में CCTV कैमरे, पैनिक बटन, GPS ट्रैकिंग सिस्टम और फर्स्ट एड बॉक्स की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। प्रत्येक बस में 22 आरामदायक सीटें हैं, जिन पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट भी मौजूद है। सभी बसें पर्यावरण के अनुकूल CNG पर चलेंगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, मासिक पास भी उपलब्ध होगा। छात्राओं के लिए मासिक पास की कीमत 400 रुपए और कामकाजी महिलाओं के लिए 550 रुपए रखी गई है। दैनिक किराया न्यूनतम 6 रुपए और अधिकतम 25 रुपए होगा। पहले चरण के 20 बसों के बाद दूसरे चरण में 80 और पिंक बसें खरीदकर पूरे राज्य के सभी जिलों में सेवा शुरू की जाएगी।
परिवहन मंत्री शीला कुमारी ने कहा कि यह पिंक बस सेवा महिलाओं के लिए सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने का प्रयास है, जो सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परिवहन सचिव संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी ने बताया कि यह सेवा घरेलू महिलाएं, कामकाजी महिलाएं और छात्राओं के लिए समर्पित है और जल्द ही इसे अन्य शहरों में भी शुरू किया जाएगा।
About The Author
