सोनपुर रेल मंडल ने तोड़ा रिकॉर्ड, एक महीने में 98 हजार बेटिकट यात्री पकड़े, 6.53 करोड़ वसूले

सोनपुर रेल मंडल ने तोड़ा रिकॉर्ड, एक महीने में 98 हजार बेटिकट यात्री पकड़े, 6.53 करोड़ वसूले

छपरा। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल ने टिकट चेकिंग के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। जून 2025 में मंडल ने यात्री जवाबदेही और राजस्व सृजन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए महज एक महीने में 97,699 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा और उनसे 6.53 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड जुर्माना वसूला। यह अब तक के किसी भी एक महीने में वसूले गए सबसे अधिक जुर्माने की राशि है, जिससे रेलवे के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इस सफलता का श्रेय वरिष्ठ अधिकारियों, राजकीय रेल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और टिकट चेकिंग स्टाफ के सामूहिक प्रयासों को दिया जा रहा है, जिन्होंने ‘लाल गाड़ी विशेष चेकिंग अभियान’ और नियमित मेगा टिकट चेकिंग अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इन अभियानों ने न केवल टिकट जांच की दक्षता बढ़ाई, बल्कि बिना टिकट यात्रा पर भी सख्ती से रोक लगाई। सघन जांचों के चलते यात्रियों में जिम्मेदार यात्रा व्यवहार को बढ़ावा मिला है और सोनपुर मंडल में अनारक्षित टिकट बिक्री में भी रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है।

सोनपुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यह बदलाव यात्रियों में जिम्मेदार और निष्पक्ष यात्रा के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है। मंडल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें ताकि उन्हें जुर्माने से राहत मिले और सभी के लिए सुविधाजनक और सुगम रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

सोनपुर मंडल के डीआरएम ने कहा कि कुशल नेतृत्व, वाणिज्यिक टीमों, टीटीई, आरपीएफ और प्रवर्तन स्टाफ की प्रतिबद्धता के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। मंडल प्रशासन हर रेल यात्री के लिए अनुशासित और निष्पक्ष यात्रा वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Views: 12
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND