राजगीर : एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियां तेज़, पाकिस्तान टीम को भारत सरकार से मिली मंज़ूरी

राजगीर : एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियां तेज़, पाकिस्तान टीम को भारत सरकार से मिली मंज़ूरी

राजगीर। बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में आगामी एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पाकिस्तान की 31 सदस्यीय हॉकी टीम के हिस्सा लेने का रास्ता साफ हो गया है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी टीम को टूर्नामेंट में भागीदारी की अनुमति दे दी है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रन शंकरण ने पुष्टि की कि हॉकी इंडिया ने उन्हें पाकिस्तानी टीम के भारत आने की आधिकारिक सूचना दी है। इस फैसले से टूर्नामेंट में रोमांच और भी बढ़ गया है, क्योंकि भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला दर्शकों के लिए सदैव विशेष आकर्षण रहा है।

एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन 27 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जाएगा। इसमें भारत समेत एशिया की प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी। पाकिस्तान टीम की भागीदारी को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। बिहार की धरती पर भारत-पाकिस्तान का ऐतिहासिक हॉकी मुकाबला देखना खेल इतिहास का अहम पल होगा।

पाकिस्तान टीम के भारत दौरे के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। राजगीर के सभी प्रमुख होटल पहले ही बुक किए जा चुके हैं। खिलाड़ियों, अधिकारियों और विदेशी प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। स्टेडियम, होटल और शहरभर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और स्पेशल ब्रांच की टीमें भी तैनात की जा रही हैं। जिला प्रशासन और खेल विभाग के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, टिकटिंग सिस्टम, पार्किंग, चिकित्सा सुविधाएं और सफाई जैसे मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों को उम्मीद है कि इस आयोजन से पर्यटन और व्यापार को बड़ा फायदा मिलेगा। वहीं युवाओं में अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबला देखने को लेकर काफी जोश है। खेल मंत्रालय, हॉकी इंडिया और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अधिकारियों ने हाल ही में राजगीर का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की है। उच्च स्तरीय बैठकें लगातार चल रही हैं ताकि टूर्नामेंट का आयोजन सफलतापूर्वक हो सके। खेल प्रेमियों का कहना है कि एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट न सिर्फ बिहार के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह राज्य के खेल विकास को भी नई दिशा देगा।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND