देश के पहले जमालपुर रेल कारखाना पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

78.96 करोड़ की लागत से बनने वाले वैगन पीओएच स्थल की रखी जाएगी आधारशिला, यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं

 देश के पहले जमालपुर रेल कारखाना पहुंचे  रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

जमालपुर। भारत के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शुक्रवार को देश और एशिया के पहले और ऐतिहासिक जमालपुर रेल कारखाना पहुंचे। उनका यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक रहा, क्योंकि लगभग 17 साल बाद किसी रेल मंत्री का यह पहला दौरा था। इससे पहले वर्ष 2008 में तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव यहां आए थे। पटना से ट्रेन द्वारा सफर करते हुए रेल मंत्री जैसे ही जमालपुर पहुंचे, स्टेशन परिसर पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्टेशन पर कुछ मिनट रुकने के बाद वे सीधे रेल कारखाना परिसर के लिए रवाना हो गए।

रेल मंत्री ने कारखाने में पहुंचते ही सबसे पहले वहां लगे भारी-भरकम क्रेन पर चढ़कर उसका निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेलकर्मियों और स्थानीय लोगों ने "भारत माता की जय" के गगनभेदी नारे लगाए। उनके साथ बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, सांसद ललन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी मौजूद रहे।

रेल मंत्री ने ऐलान किया कि लगभग 78.96 करोड़ रुपए की लागत से जमालपुर कारखाना में एक नई वैल्यू एडेड वैगन पीओएच (Periodical Overhauling) यूनिट की आधारशिला रखी जाएगी। इसके निर्माण से हर महीने 545 से 800 तक मालगाड़ियों के डिब्बों की मरम्मत संभव हो सकेगी, जिससे रेल संचालन की दक्षता और समयबद्धता में सुधार आएगा। यह यूनिट न केवल स्थानीय तकनीकी रोजगार को बढ़ावा देगी, बल्कि पूर्व रेलवे की मरम्मत क्षमताओं को भी नया विस्तार देगी।

रेल मंत्री जमालपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का भी जायजा लेंगे। वे यह देखने आए हैं कि स्टेशन पर यात्रियों के लिए स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, लिफ्ट-एस्केलेटर जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता कैसी है और उन्हें कैसे और बेहतर बनाया जा सकता है। रेल मंत्री जमालपुर रेल कारखाना के विभिन्न वर्कशॉप्स का भी दौरा करेंगे। इसके साथ ही वे रेल अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य प्रगति, उत्पादन क्षमता, सुरक्षा उपायों और कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे। इस दौरे से कर्मचारियों और स्थानीय जनता में खासा उत्साह देखा गया।

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND