सासाराम : बारात में नाच के दौरान हुआ विवाद, मारपीट में 15 वर्षीय किशोर की मौत
सासाराम। बिहार के सासाराम (रोहतास) दिनारा थाना क्षेत्र के जिगना गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह उस वक्त मातम में तब्दील हो गया, जब नाच-गान के दौरान हुए विवाद में एक किशोर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जिगना टोला निवासी संजय चौधरी के लगभग 15 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु कुमार के रूप में हुई है, जो नौवीं कक्षा का छात्र था। बुधवार की रात संजय चौधरी की बड़ी बेटी की शादी थी। शादी में भोजपुर जिले के अगिआंव थाना क्षेत्र के डिहरी टोला से बारात आई थी और बारातियों के मनोरंजन के लिए नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था।
इसी दौरान पिपरी टोला से आए कुछ असामाजिक तत्वों ने नर्तकियों के साथ अभद्रता और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। बारात पक्ष ने इसका विरोध किया और यह सूचना लड़की पक्ष को दी। सूचना मिलने पर दुल्हन का छोटा भाई अभिमन्यु कुमार, जो कि नौवीं कक्षा का छात्र था, मौके पर पहुंचा और वहां हो रही अश्लीलता का विरोध किया।
विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में कहासुनी व मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान अभिमन्यु के सिर पर गंभीर चोट लगी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। परिजन तुरंत उसे लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा अरुण कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि हमलावर शराब के नशे में धुत थे और लाठी-डंडे से पीटकर अभिमन्यु की हत्या की गई। घटना की जानकारी मिलते ही दिनारा थानाध्यक्ष विनय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया।
घटना के बाद शादी का खुशनुमा माहौल गम में बदल गया। मृतक की बहन और दुल्हन रूबी कुमारी शादी के जोड़े में ही फूट-फूट कर रोती रही। वहीं दूल्हा बलिराम कुमार चौधरी की भी आंखें नम थीं। उन्होंने कहा, "सपने में भी नहीं सोचा था कि हमारी शादी में ऐसा मातम छा जाएगा।"मृतक अभिमन्यु दो भाइयों में सबसे छोटा था और घर में पढ़ाई में होनहार माना जाता था।
About The Author
