बिहार चुनावी रण में उतरे अमित शाह, आज रोहतास और बेगूसराय में करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद

बिहार चुनावी रण में उतरे अमित शाह, आज रोहतास और बेगूसराय में करेंगे कार्यकर्ताओं से संवाद

रोहतास/बेगूसराय। बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है और सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज गुरुवार को बिहार के दौरे पर रहेंगे। वह रोहतास और बेगूसराय में पार्टी और एनडीए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और चुनावी ग्राउंड प्लान तैयार करेंगे।

सुबह 11 बजे अमित शाह का हेलिकॉप्टर डालमियानगर खेल मैदान में उतरेगा। यहां से वह सड़क मार्ग से डेहरी स्थित ललन सिंह स्पोर्टिंग क्लब पहुंचेंगे। इस स्थान पर एनडीए के करीब 3000 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की संभावना है। शाह कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे और उन्हें विशेष दिशा-निर्देश देंगे।

रोहतास के इस कार्यक्रम में शाहाबाद और मगध क्षेत्र के एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ-साथ रोहतास, कैमूर, आरा, बक्सर, गया, नवादा, जहानाबाद, अरवल और औरंगाबाद जिलों के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और पार्टी पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे अमित शाह बेगूसराय रवाना होंगे। यहां वह सबसे पहले एफसीआई मैदान में आयोजित सत्संग और प्रवचन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम पहुंचकर पटना ग्रामीण, पटना महानगर, बाढ़, नालंदा, शेखपुरा, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, खगड़िया और बेगूसराय के सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।

राजनीतिक हलकों में अमित शाह का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। चुनावी मौसम में उनके इस संवाद से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और चुनावी रणनीति को मजबूत आधार मिलेगा। भाजपा और एनडीए दोनों ही स्तर पर इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

Views: 8
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND