औरंगाबाद में मिला क्रोमियम का भंडार, होगा उत्खनन
बिहार में खनन की टेंडर प्रक्रिया शुरू, जमीन से निकलेगा सोना, निकल और क्रोमियम
औरंगाबाद/पटना। बिहार में जल्द ही राज्य सरकार सोने के साथ-साथ क्रोमियम-पोटैशियम के खनिज ब्लॉकों का खनन शुरू करवाएगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। टेंडर के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।सरकार का दावा है कि औरंगाबाद, नवादा और कई अन्य जिलों में बड़े पैमाने पर निकेल, पोटाश, क्रोमियम के भंडार मिले हैं। प्रदेश के खनन एवं भूतत्व मंत्री सह औरंगाबाद के प्रभारी मंत्री जनक राम ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि बिहार में कई महत्वपूर्ण तत्व के भंडार मिले हैं, जिसका खनन जल्द ही कराया जाएगा। मंत्री जनक राम के मुताबिक औरंगाबाद में क्रोमियम, निकेल और पोटाश का उत्खनन किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही काम भी शुरू होने वाला है। तीन ब्लॉक पोटाश और एक ब्लॉक क्रोमियम निकेल का पाया गया है। वहीं जमुई के सोनो प्रखंड में सोना और औरंगाबाद में क्रोमियम के भंडार मिले हैं। आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के द्वारा जल्द ही इसका खनन शुरू हो जाएगा।
क्रोमियम सिल्वर
यह सफेद रंग की धातु होती है। इसमें हल्के नीले रंग की झलक होती है। यह कठोर और जंग रोधक धातु है जिसका इस्तेमाल हवाई जहाज और मोबाइल बनाने में भी किया जाता है। अगर इसे इस्पात में मिलाया जाये तो इस्पात पर ज़ंग और धब्बे नहीं लगते, जिस कारण से इसे 'स्टेनलेस स्टील' (ज़ंगरोधी इस्पात) बनाने में काम लाया जाता है। मानव शरीर को बहुत ही हल्की मात्रा में क्रोमियम आहार में आवश्यक होता है लेकिन अधिक मात्रा में यह विष की तरह काम करता है।
निकेल
यह चांदी की तरह सफेद रंग की धातु है। इसमें हल्की सुनहरी आभा भी निकलती है। यह भी क्रोमियम सिल्वर की तरह जंगरोधी होता है और इसका उपयोग किसी भी धातु को जंग से बचाने के लिए उस पर परत चढ़ाने में किया जाता है। चुंबक उद्योग और स्टील को जंगरोधी बनाने में भी इसे प्रयोग में लाया जाता है।
किन-किन जिलों को मिला ब्लॉक
दरअसल, पिछले दिनों केंद्रीय खान मंत्रालय ने बिहार को चार खनिज ब्लॉक सौंपे हैं। ये खान क्रोमियम और पोटैशियम के हैं। ये खान रोहतास, गया, औरंगाबाद जिले एवं सासाराम में स्थित हैं। केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम को खनिज सर्वे के दस्तावेज सौंपे थे। तब केन्द्र ने 14 राज्यों को विभिन्न खनिजों के 100 ब्लॉक सौंपकर उनसे इनकी जल्द से जल्द नीलामी कराने का आग्रह किया था। बिहार सरकार के मंत्री जनक राम ने कहा कि बिहार को 3 पोटेशियम और एक क्रोमियम के ब्लॉक दिए गए हैं। इसमें सासाराम (रोहतास) में 10 वर्ग किलोमीटर का नावाडीह ब्लॉक, 8 वर्ग किलोमीटर के टीपा खनिज ब्लॉक और शाहपुर में 7 वर्ग किलोमीटर का ब्लॉक शामिल है। ये तीनों पोटेशियम के ब्लॉक हैं। इसके अलावा औरंगाबाद, गया में क्रोमियम के ब्लॉक हैं। यह 8 वर्ग किलोमीटर का हैं।
About The Author
