अहमदाबाद विमान हादसे में सभी 242 लोगों की मौत, शोक की लहर
विमान में तीन नामी गिरामी शख्स भी थे मौजूद
अहमदाबाद। अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ान संख्या AI-171 टेकऑफ के महज दो मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान, जो लंदन के लिए रवाना हुआ था, दोपहर 1:38 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ा और ठीक 1:40 बजे एयरपोर्ट परिसर से सटे मेडिकल क्षेत्र में क्रैश कर गया। हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
विमान हादसे की विभीषिका: हॉस्टल पर गिरा मलबा, कई डॉक्टर छात्र चपेट में
जिस क्षेत्र में विमान गिरा, वह अहमदाबाद सिविल अस्पताल के इंटर्न डॉक्टरों का हॉस्टल है। वहां 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर मौजूद थे। अंदेशा है कि इनमें से कई की जान चली गई है। विमान का मलबा हॉस्टल के साथ-साथ रेजिडेंट डॉक्टरों के क्वार्टर और आसपास के स्टाफ आवासीय परिसर पर भी गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान के गिरने के साथ ही जोरदार धमाके की आवाज आई, आसमान में घना धुआं भर गया और इलाके में चीख-पुकार मच गई। लोगों को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला।
मृतकों में पूर्व मुख्यमंत्री, उद्योगपति और कारोबारी शामिल
इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, कार्गो मोटर्स के प्रमुख नंदा और लुबी ग्रुप के निदेशक सुभाष अमीन भी सवार थे। अधिकारियों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी है। इस हादसे में शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है।
पहचान के लिए डीएनए परीक्षण की व्यवस्था
गुजरात स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय द्विवेदी ने जानकारी दी कि अहमदाबाद सिविल अस्पताल में डीएनए सैंपलिंग की विशेष व्यवस्था की गई है। मृतकों की पहचान उनके परिजनों के डीएनए नमूनों के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने यात्रियों के परिजनों से अपील की है कि वे बी.जे. मेडिकल कॉलेज में अपने नमूने जमा करें ताकि पहचान प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जा सके।
घायलों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर
इस दुर्घटना में विमान से प्रभावित इलाकों में रहने वाले लगभग 50 लोग भी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
परिजनों और यात्रियों से जुड़े लोगों की सहायता के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल ने दो हेल्पलाइन नंबर – 6357373831 और 6357373841 जारी किए हैं, जिन पर संपर्क कर किसी भी जरूरी जानकारी या सहायता प्राप्त की जा सकती है।
पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जी.एस. मलिक ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि इस त्रासदी में कोई भी जीवित नहीं बचा है। उन्होंने यह भी बताया कि चूंकि विमान एक घनी आबादी वाले मेडिकल एवं आवासीय क्षेत्र में गिरा है, इसलिए मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। प्रशासन ने मृतकों और घायलों के आंकड़े अपडेट करने के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय कर दिया है।
About The Author
