गोवा : श्री लैराई जात्रा में मची भीषण भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 50 से ज्यादा घायल, कई की हालत गंभीर
गोवा। गोवा के शिरगांव में शुक्रवार रात हुए धार्मिक उत्सव 'श्री लैराई जात्रा' के दौरान मची भगदड़ ने भारी तबाही मचा दी। हादसे में अब तक 7 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है। शनिवार सुबह इस दर्दनाक घटना की जानकारी सार्वजनिक हुई, जिसके बाद पूरे राज्य में शोक और चिंता का माहौल है।
यह हादसा नॉर्थ गोवा जिले के बिचोलिम तालुका स्थित शिरगांव गांव में हुआ, जहां हर साल की तरह इस बार भी 'श्री लैराई जात्रा' का आयोजन किया गया था। यह जात्रा एक प्रमुख धार्मिक उत्सव है जिसमें गोवा के अलावा महाराष्ट्र और कर्नाटक से भी हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस बार लगभग 40 हजार श्रद्धालु जात्रा में पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर की ओर जा रही थी। उसी दौरान एक दुकान के सामने लगे बिजली के तार में अचानक करंट आ गया, जिससे कुछ लोग झुलसकर गिर पड़े। इसी बीच भीड़ में अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। भीड़ के दबाव से कई श्रद्धालु नीचे दब गए और भगदड़ मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, भीड़ एक ढलान वाले रास्ते से गुजर रही थी, जिससे कुछ लोग फिसलकर गिर पड़े और फिर पीछे से आ रहे लोगों के गिरते ही भगदड़ और बढ़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल और क्राउड मैनेजमेंट की व्यवस्था न होने से हालात और बिगड़ते चले गए।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को नॉर्थ गोवा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल, बिचोलिम हॉस्पिटल और गोवा मेडिकल कॉलेज (GMC) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार 20 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। राहत व बचाव कार्य अब भी जारी है और मृतकों की संख्या में वृद्धि की आशंका बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सीएम सावंत ने कहा कि यह गोवा के इतिहास में अपनी तरह का पहला हादसा है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए ट्वीट कर कहा, “गोवा के शिरगांव में भगदड़ के कारण हुई मौतों से दुखी हूं। प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
नेताओं ने जताई संवेदना
-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
-
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदना प्रकट करते हुए इसे एक दुखद दुर्घटना बताया।
क्या है 'श्री लैराई जात्रा'?
यह प्रसिद्ध हिंदू धार्मिक उत्सव हर साल अप्रैल या मई में आयोजित होता है। इसमें ‘धोंड’ नामक अनोखी परंपरा होती है, जिसमें श्रद्धालु आग के ऊपर चलते हैं। इस आयोजन में गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं।
About The Author
