चमोली में एवलांच से बड़ा हादसा, 55 मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

चमोली में एवलांच से बड़ा हादसा, 55 मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड। उत्तराखंड के चमोली जिले में 28 फरवरी की सुबह 7:15 बजे बड़ा एवलांच आया। इस दौरान बर्फ का पहाड़ खिसकने से 55 मजदूर इसकी चपेट में आ गए। अब तक 33 लोगों को कल रात 8 बजे तक सुरक्षित निकाला जा चुका था, जबकि आज 16 और मजदूरों को रेस्क्यू किया गया। अभी भी 6 मजदूर लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। 2 मजदूरों की मौत की खबर मिली है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सेना और आपदा राहत टीम का बड़ा रेस्क्यू अभियान

चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने बताया कि सेना के 4 हेलिकॉप्टरों की मदद से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बचाव कार्य में सेना, आईटीबीपी, बीआरओ, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के 200 से अधिक जवान लगे हुए हैं। घटना बद्रीनाथ से 3 किलोमीटर दूर चमोली के माणा गांव में हुई। ब्रिगेडियर एमएस ढिल्लों ने बताया कि सेना ने कल सुबह से ही लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था, जो पूरी रात जारी रहा। अब तक 25 मजदूरों को सुरक्षित निकालकर जोशीमठ आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, बाकी मजदूरों को निकालने का काम जारी है।

पीएम मोदी और सीएम धामी ने लिया हालात का जायजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। सीएम धामी ने आज सुबह घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि चमोली-बद्रीनाथ हाईवे पर बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के कुल 57 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 2 मजदूर छुट्टी पर थे। बाकी सभी मजदूर कंटेनर हाउस में थे, तभी बर्फ का बड़ा हिस्सा पहाड़ से नीचे गिरा और वे दब गए।

एवलांच में फंसे मजदूरों की जानकारी

इस हादसे में फंसे 55 मजदूर विभिन्न राज्यों के रहने वाले हैं। इनमें-

  • बिहार के 11 मजदूर
  • उत्तर प्रदेश के 11 मजदूर
  • उत्तराखंड के 11 मजदूर
  • हिमाचल प्रदेश के 7 मजदूर
  • जम्मू-कश्मीर का 1 मजदूर
  • पंजाब का 1 मजदूर

उत्तराखंड सरकार ने एक आधिकारिक सूची जारी की है, जिसमें 13 मजदूरों के नाम हैं, लेकिन उनका पता और मोबाइल नंबर नहीं मिल पाया है। बाकी मजदूरों की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।

अभी भी लापता मजदूरों की तलाश जारी

रेस्क्यू टीम लगातार बर्फ के अंदर फंसे मजदूरों को खोजने में जुटी है। हेलिकॉप्टर, स्निफर डॉग्स और आधुनिक उपकरणों की मदद से बर्फ में दबे मजदूरों को खोजने की कोशिश की जा रही है। प्रशासन ने घायलों को बेहतर इलाज देने और लापता मजदूरों को जल्द से जल्द निकालने का आश्वासन दिया है

Views: 4
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND