भारत को मिली 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी, गृहमंत्री अमित शाह ने जताई खुशी
दिल्ली। भारत को 2029 में होने वाले प्रतिष्ठित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी करने का अवसर मिला है। इस उपलब्धि पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे हर भारतीय के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में तैयार हुई भव्य खेल संरचना की वैश्विक मान्यता बताया।
गृह मंत्री ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपने संदेश में लिखा किभारत को प्रतिष्ठित 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी सौंपा जाना हर भारतीय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। यह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निर्मित भव्य खेल ढांचे की वैश्विक स्तर पर मान्यता है। अहमदाबाद को इस आयोजन का स्थल चुना जाना इसे अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर स्थापित करता है। वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स एक द्विवार्षिक (हर दो साल में होने वाला) अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन है, जो पुलिस, अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा सेवा, आपदा सेवा और अन्य फर्स्ट रिस्पॉन्डर बलों के लिए आयोजित किया जाता है। इसकी शुरुआत 1985 में हुई थी और अब तक इसके 20 संस्करण संपन्न हो चुके हैं। इनमें से 8 बार यह अमेरिका में, 5 बार कनाडा में, 4 बार यूरोप के विभिन्न देशों में, 2 बार ब्रिटेन में और एक बार चीन में आयोजित किया गया है।
भारत ने पहली बार 2007 में ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भाग लिया था। तब से अब तक भारत ने 8 संस्करणों में भाग लिया है और 1400 से अधिक पदक जीतकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। सबसे ताजा 20वां संस्करण 26 जुलाई से 6 अगस्त 2023 के बीच कनाडा के विनिपेग में आयोजित हुआ था। इसमें भारत के 133 पुलिस खिलाड़ियों की टीम ने भाग लिया और 343 पदक जीते जिनमें 224 स्वर्ण, 82 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। यह अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना गया।
भारतीय टीम का चयन हर साल होने वाले ऑल इंडिया पुलिस गेम्स के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है। देश में पुलिस खेलों का संचालन ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड करता है, जिसमें 53 सदस्य संगठन शामिल हैं। जैसे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPFs), राज्य पुलिस बल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां। यह बोर्ड हर साल करीब 40 राष्ट्रीय स्तर के पुलिस खेलों का आयोजन करता है, और हर खेल के स्वर्ण पदक विजेता को अंतरराष्ट्रीय टीम में चुना जाता है।
2029 के आयोजन के लिए भारत के अहमदाबाद शहर को चुना गया है, जो तेजी से उभरते खेल हब के रूप में देखा जा रहा है। इस चयन को लेकर भी गृहमंत्री ने अहमदाबाद की खेल क्षेत्र में बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण बताया है। भारत को 2029 वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी मिलना केवल खेल जगत के लिए नहीं, बल्कि देश के पुलिस एवं आपातकालीन सेवा से जुड़े हजारों जवानों के समर्पण और कौशल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाने का सुनहरा मौका है।
About The Author
