देशभर में मानसून की तबाही: उत्तर भारत से मध्य भारत तक बाढ़ और लैंडस्लाइड का कहर
IMD ने 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून का रौद्र रूप जारी है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश समेत कई हिस्सों में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को 19 राज्यों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ को फिलहाल इससे राहत मिली है।
उत्तर प्रदेश में बारिश का असर ट्रेनों पर भी पड़ा है। कानपुर में रेलवे ट्रैक धंसने से कालिंदी एक्सप्रेस को रोक दिया गया। लखनऊ में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर चुका है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित है। हापुड़ में भी जलभराव की स्थिति गंभीर है, जहां 2 फीट तक पानी जमा हो गया है।
मध्य प्रदेश में बारिश अब आफत बन चुकी है। मंडला में बाढ़ से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को सिवनी, छतरपुर सहित 10 जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने रहे। शनिवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का अलर्ट है।
राजस्थान में मानसून का रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रहा। बीकानेर, झुंझुनूं सहित 13 जिलों में 4 इंच तक बारिश दर्ज की गई है। कोटपूतली और फलोदी जैसे शहरों में सड़कों पर नदी की तरह पानी बह रहा है। धौलपुर में पार्वती नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि श्रीमाधोपुर में दुकानों में पानी घुस गया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक हैं। उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से एक 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड से 184 सड़कें बंद हैं, और अब तक 92 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 33 लोग अभी भी लापता हैं।
IMD का अलर्ट: अगले 24 घंटे संवेदनशील
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, बंगाल सहित कुल 19 राज्यों में तेज बारिश की संभावना है। खासकर पहाड़ी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है।
About The Author
