बेगूसराय में पारिवारिक रंजिश की भेंट चढ़ा परिवार: पति-पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या, 7 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल

बेगूसराय में पारिवारिक रंजिश की भेंट चढ़ा परिवार: पति-पत्नी और बेटी की निर्मम हत्या, 7 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल

बेगूसराय। बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चिरंजीवीपुर गांव में शुक्रवार रात एक बेहद भयावह और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई। अपराधियों ने घर में घुसकर संजीवन महतो (40), उनकी पत्नी संजीता देवी और उनकी 10 साल की बेटी सपना कुमारी का गला काट दिया। इसके बाद अपराधियों ने उनके चेहरे पर एसिड डालकर उन्हें विकृत कर दिया। इस दिल दहलाने वाली घटना में संजीवन, संजीता, और सपना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 7 साल का बेटा अंकुश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुखद घटना चिरंजीवीपुर के वार्ड नंबर-12 ठठ्ठा रसीदपुर में घटित हुई। शनिवार की सुबह जब पड़ोसियों ने घर के अंदर का दृश्य देखा, तो उनके होश उड़ गए। वे तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों से स्पष्ट होता है कि हत्या के समय पूरा परिवार सो रहा था। संजीवन और उनकी पत्नी जमीन पर सोए हुए थे, जबकि उनके दोनों बच्चे बेड पर थे। कमरे में खून फैला हुआ था, और चारों ओर भय और आक्रोश का माहौल था। स्थानीय लोगों के अनुसार, संजीवन महतो ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उनका एक बड़ा बेटा है, जो इस घटना में शामिल नहीं था। ग्रामीणों का मानना है कि संजीवन की दूसरी शादी से जुड़ी पारिवारिक कलह या रंजिश इस जघन्य अपराध का कारण हो सकती है। संजीवन अपनी पहली पत्नी और बेटे को आर्थिक सहायता नहीं प्रदान करता था, जिसके कारण उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस निर्मम हत्या के बाद चिरंजीवीपुर गांव में दहशत का माहौल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, और घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी है। पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है और कई संभावित पहलुओं पर विचार कर रही है, जिसमें पारिवारिक रंजिश प्रमुख है। इस घटना में परिवार का इकलौता जीवित सदस्य, 7 साल का अंकुश कुमार, गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस भयानक घटना ने न केवल इस परिवार को तबाह कर दिया है, बल्कि पूरे गांव को शोक और डर के माहौल में डाल दिया है। लोग सदमे में हैं और पुलिस से जल्द से जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। इस पूरे मामले में आगे क्या खुलासे होते हैं, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगा। लेकिन फिलहाल, इस निर्दयी घटना ने बेगूसराय में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Views: 0
Tags:

About The Author

Saket Kumar Picture

साकेत कुमार, BJMC 

उप-सम्पादक

सोन वर्षा वाणी 

7766886433

Related Posts