सरायकेला: भीषण सड़क हादसा में 9 बारातियों की मौत
सरायकेला। झारखंड के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलाईटाड़ गांव के 9 लोगों की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। ये सभी लोग एक बारात से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला से लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे झारखंड-बंगाल बॉर्डर के पास नामशोल इलाके में इनकी बोलेरो गाड़ी एक तेज रफ्तार ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर पलट गया और बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुवार को तिलाईटाड़ गांव से ये सभी लोग बारात लेकर पुरुलिया के बलरामपुर स्थित अदाबना गांव गए थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद शुक्रवार सुबह ये लौट रहे थे। तभी नामशोल के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बोलेरो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रेलर पलट गया और बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सभी मृतक एक ही गांव के, शोक की लहर
बीरु महतो (बोलेरो मालिक), बांका उर्फ चंद्रमोहन महतो,अजय महतो,विजय महतो,सपन महतो,गुरुपद महतो,शशांक महतो,चितरंजन महतो,मुंडा उर्फ कृष्णा महतो इन सभी लोगो की हादसे में मौत हुई, सभी तिलाईटाड़ गांव के महतो टोला के निवासी थे।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सभी शवों को कब्जे में लेकर पुरुलिया अस्पताल भेजा गया है। नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से पोस्टमार्टम के बाद सभी शवों को गांव लाया जाएगा। पुलिस ने ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
About The Author
