चाईबासा में नक्सल अभियान के दौरान वज्रपात से सीआरपीएफ अधिकारी एम प्रबो सिंह शहीद

चाईबासा में नक्सल अभियान के दौरान वज्रपात से सीआरपीएफ अधिकारी एम प्रबो सिंह शहीद

चाईबासा। नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान के दौरान गुरुवार की शाम चाईबासा जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र के बालिबा में अचानक हुए वज्रपात में सीआरपीएफ के 26 बटालियन के सेकंड कमान अफसर एम प्रबो सिंह शहीद हो गए। चाईबासा पुलिस ने शुक्रवार को उनकी मौत की पुष्टि की। साथ ही, इस हादसे में घायल हुए तीन अन्य जवानों  सहायक समादेष्टा सुधीर मंडल, एएसआई सुरेश भगत और चांदलाल हांसदा  को रांची एयरलिफ्ट कर उपचार के लिए भेजा गया है।

गुरुवार की देर शाम बालिबा में सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे थे, तभी अचानक हुई वज्रपात की चपेट में ये जवान आ गए। सुरक्षा बलों के लिए यह एक बड़ा झटका है, क्योंकि एम प्रबो सिंह अनुभवी अफसर थे और नक्सलियों के विरुद्ध चल रही लड़ाई में अहम भूमिका निभा रहे थे।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान, सारंडा और पोड़ाहाट जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की अभियान जारी है। हर दिन जंगलों में नक्सलियों द्वारा बनाए गए भूमिगत बंकरों और डंपों को ध्वस्त कर उनकी गतिविधियों को रोका जा रहा है। गुरुवार को भी जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम कुलपाबुरू के आसपास पांच भूमिगत बंकर तोड़े गए।

एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के कई शीर्ष नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सक्रिय हैं।

चाईबासा पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों की टीमों ने एक संयुक्त अभियान दल गठित किया है, जो लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहा है ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Views: 13
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts