हजारीबाग: श्री ज्वेलर्स गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, 9 शूटर गिरफ्तार

हजारीबाग: श्री ज्वेलर्स गोलीकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, 9 शूटर गिरफ्तार

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में हुए बहुचर्चित श्री ज्वेलर्स गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने कुख्यात उत्तम यादव गिरोह के 9 सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में शक्ति गिरी, मनीष यादव, मुकेश कुमार सोनी, राहुल कुमार वर्मा, शुभम अग्रवाल, गोलू कुमार, रवि रोशन कुमार, नितिन कुमार और बादल कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों से रोड मार्च कराकर शक्ति प्रदर्शन भी किया और फिर उन्हें जेल भेज दिया।

एसपी अंजनी अंजन के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। खुलासा हुआ कि शक्ति गिरी और मनीष यादव ने ही 22 जून को श्री ज्वेलर्स पर गोलीबारी की थी। इस हमले का उद्देश्य इलाके में दहशत फैलाना और फिरौती वसूलना था। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल (9 एमएम और 7.65 एमएम), चार जिंदा गोलियां, KF 8mm की तीन जिंदा गोलियां, एक ग्रैंड विटारा कार, एक पल्सर बाइक और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन हथियारों का इस्तेमाल अन्य आपराधिक घटनाओं में भी किया गया होगा।

एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड उत्तम यादव अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता है। उत्तम यादव पर पहले भी हत्या, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस की टीम लगातार अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी अभियान चला रही है। गिरफ्तारी के बाद शहरवासियों में राहत की सांस ली गई है। व्यापारियों और ज्वेलरी कारोबारियों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। श्री ज्वेलर्स पर फायरिंग की घटना के बाद से ही व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल बना हुआ था। एसपी अंजनी अंजन ने कहा, “यह कार्रवाई अपराध पर करारी चोट है। हजारीबाग पुलिस जिले को अपराधमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जल्द ही उत्तम यादव को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Views: 14
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts