बड़कागांव की पूर्व MLA अंबा प्रसाद के करीबियों के घर रेड, ED कर रही छानबीन

बड़कागांव की पूर्व MLA अंबा प्रसाद के करीबियों के घर रेड, ED कर रही छानबीन

हजारीबाग/रांची। झारखंड की सियासत में हलचल मचाने वाली बड़ी कार्रवाई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को हजारीबाग के बड़कागांव की पूर्व कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद और उनके पिता, झारखंड के पूर्व मंत्री योगेंद्र साहू के घर समेत करीब 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी की यह कार्रवाई सुबह 6 बजे शुरू हुई और देर शाम तक चलती रही। ईडी की टीमें रांची और हजारीबाग में फैले ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक, यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग, बालू और कोयला के अवैध उत्खनन और इनसे जुड़ी ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों को लेकर हो रही है।

ईडी की कार्रवाई अंबा प्रसाद के सीए बादल गोयल, करीबी मंटू सोनी, पंचम कुमार और मनोज दांगी के बड़कागांव स्थित घर पर भी की गई। सभी जगहों पर ईडी के 8-10 अफसरों की टीमें मौजूद हैं, जो दस्तावेजों की गहन छानबीन कर रही हैं। छापेमारी के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों ने सभी घरों को घेरे में ले रखा है। अंदर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं ताकि बाहरी संपर्क न हो सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी ईडी ने अंबा प्रसाद और उनके परिजनों पर शिकंजा कसा था। पिछली छापेमारी के बाद ईडी ने अंबा प्रसाद, उनके पिता योगेंद्र साहू, भाई और मां निर्मला देवी को पूछताछ के लिए रांची स्थित कार्यालय तलब किया था। बता दें कि हाल ही में कांग्रेस ने पूर्व विधायक अंबा प्रसाद को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ऐसे में ईडी की यह कार्रवाई राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गई है। ईडी के अफसरों का कहना है कि मामले में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। हालांकि, ईडी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Views: 15
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts