पलामू : तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत

पलामू : तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत

पलामू। दर्दनाक घटना पलामू जिले से सामने आई है, जहाँ शनिवार शाम दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 9 वर्षीय आरो तिवारी और 6 वर्षीय अर्पित दुबे के रूप में की गई है। दोनों आपस में मौसेरे भाई थे और साथ में खेलते-कूदते अक्सर समय बिताते थे। जानकारी के अनुसार, आरो तिवारी बेलवाटिका स्थित अपने घर से दूध लाने के लिए अपने मौसा आनंद दुबे के घर गया था। वहीं से वह अपने छोटे भाई अर्पित दुबे के साथ कहीं निकल गया। देर रात तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी।

रविवार सुबह काशीनगर के बड़काबांध इलाके में जब परिजन पहुंचे, तो तालाब किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पल पड़े हुए मिले। आशंका गहराई और तत्काल तालाब में स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। कुछ ही देर में दोनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों बच्चे नहाने की नीयत से तालाब में गए थे और गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण डूब गए। घटना के वक्त कोई और आसपास मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें बचाया जा सके।

आरो तिवारी, अनुराग तिवारी का इकलौता पुत्र था, जो बेलवाटिका के गुरुद्वारा के पीछे रहते हैं। वहीं, अर्पित दुबे रांची रोड पर रेड़मा दशगात्र भवन के पास आनंद दुबे का पुत्र था। आनंद दुबे मूल रूप से लेस्लीगंज प्रखंड के कीतो गांव के निवासी हैं। घटना के बाद मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और लोग उन्हें सांत्वना देने के लिए जुट रहे हैं, लेकिन माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

Views: 13
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND

 

Related Posts