JPSC 2023 टॉपर बने आशीष अक्षत: धनबाद के बेटे ने नौकरी के साथ की तैयारी, पाई बड़ी सफलता
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम घोषित हो चुका है और इस बार धनबाद के ढैया निवासी आशीष अक्षत ने टॉप कर पूरे राज्य का नाम रोशन किया है। 864 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार के बाद 342 सफल उम्मीदवारों की सूची जारी की गई, जिसमें आशीष ने पहला स्थान हासिल किया है।
बोकारो और जमशेदपुर से शिक्षा, इंजीनियरिंग में शानदार सफर
आशीष की शिक्षा यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा धनबाद के एक निजी स्कूल से पूरी की, जिसके बाद वे बोकारो स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल गए, जहां से उन्होंने 11वीं और 12वीं की पढ़ाई विज्ञान विषयों में की। गणित और विज्ञान में गहरी रुचि ने उन्हें इंजीनियरिंग की ओर मोड़ा। साल 2012 में उन्होंने AIEEE परीक्षा (जो अब JEE Mains कहलाती है) उत्तीर्ण की और इसके बाद उनका दाखिला एनआईटी जमशेदपुर में हुआ। वहां से उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की
निजी कंपनी में 12 लाख के पैकेज पर नौकरी, फिर लिया लोकसेवा का संकल्प
स्नातक के बाद आशीष ने गुड़गांव की एक प्रतिष्ठित ई-कॉमर्स कंपनी में 12 लाख के सालाना पैकेज पर काम करना शुरू किया। लेकिन इस दौरान उनके भीतर जनसेवा की भावना और प्रशासनिक सेवा में योगदान देने का संकल्प गहराता चला गया। इसी सोच ने उन्हें सिविल सेवा की ओर प्रेरित किया। उन्होंने नौकरी के साथ-साथ सिविल सर्विसेज में मास्टर्स की डिग्री भी हासिल की और कड़ी मेहनत के साथ तैयारी में जुट गए। संघर्ष, धैर्य और अनुशासन के बल पर उन्होंने JPSC 2023 में टॉप किया।
पुलिस परिवार से ताल्लुक, साधारण पृष्ठभूमि से असाधारण सफर
आशीष के पिता सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हैं और उनका परिवार सादगीपूर्ण जीवन जीता है। उनके इस सफर ने साबित कर दिया है कि संसाधनों की सीमाएं मेहनत के आगे कोई मायने नहीं रखतीं। आज उनकी उपलब्धि पर परिवार, मित्रों, शिक्षकों और पूरे शहर में खुशी की लहर है।आशीष अक्षत की सफलता उन तमाम युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण है जो नौकरी करते हुए भी उच्च प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। उन्होंने यह दिखा दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता संभव है।
About The Author
