नीतीश कुमार का 20 साल का कार्यकाल अविस्मरणीय, विकास का बना प्रतीक: मंगल पांडेय

नीतीश कुमार का 20 साल का कार्यकाल अविस्मरणीय, विकास का बना प्रतीक: मंगल पांडेय

पटना। बिहार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीते दो दशकों को राज्य के विकास के लिए ऐतिहासिक और अविस्मरणीय करार दिया। उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने करीब 20 वर्षों का कार्यकाल पूरा कर लिया है, और इस दौरान बिहार ने बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

मंगल पांडेय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार का कार्यकाल 1990 से 2005 तक के लालू यादव और राबड़ी देवी के शासन की तुलना में कहीं ज्यादा प्रभावशाली और यादगार रहा है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में विकास पुरुष के रूप में पहचाने जाते हैं। जब उन्होंने 2005 में राज्य की बागडोर संभाली, तो बिहार की तस्वीर बदलनी शुरू हुई। जहाँ कभी सड़कें गायब थीं, वहाँ पक्की और मजबूत सड़कों का जाल बिछा। सरकारी अस्पताल, जो कभी बदहाली के प्रतीक थे, अब सेवाएं देने लगे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार, शिक्षा के स्तर में बढ़ोतरी, कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार, और सरकारी संस्थाओं में जवाबदेही जैसी बातें नीतीश सरकार की उपलब्धियों में गिनी जाती हैं। मंगल पांडेय ने यह भी जोड़ा कि इन बीस वर्षों में बिहार को एक स्थायित्व मिला है, जिससे राज्य विकास की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ा है।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी भी कई क्षेत्रों में सुधार की गुंजाइश बनी हुई है, और राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि जनता को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मंगल पांडेय के इस बयान को आगामी चुनावों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहाँ भाजपा और जदयू एक बार फिर एक साथ मैदान में हैं।

Views: 1
Tags:

About The Author

Aman Raj Verma Picture

Journalist

BIHAR - JHARKHAND